चरवाहा दलदल में फंसा, Rewari में बकरियों के लिए कुर्बान हुई ज़िंदगी

Update: 2025-07-30 10:14 GMT
Rewari रेवाड़ी: के बावल कस्बे में एक चरवाहे की दलदल में फंसकर मौत हो गई। वह अपनी बकरियों को चराने गया था तभी कुछ बकरियां नगर पालिका की खाली जमीन पर बनी 10 फीट गहरी दलदल की ओर चली गईं। चरवाहे ने कुछ बकरियों को तो बचा लिया लेकिन दो-तीन को बचाने में वह खुद ही फंस गया। गुरुग्राम से आई एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला।
बावल कस्बा के रसियावास रोड स्थित नगर पालिका की खाली पड़ी जमीन पर बनी 10 फीट गहरी दलदल में फंसकर एक चरवाहे की मौत हो गई। तीन दिन पहले वह बकरियों को चराने के लिए निकला था। इसी दौरान कुछ बकरियां इस दलदल की तरफ बढ़ गई।
पांच बकरियों को उसने बचा लिया लेकिन दो-तीन बकरियों को बचाने के चक्कर में वह खुद ही दलदल में फंस गया। बुधवार को गुरुग्राम से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
दरअसल, बावल के मोहल्ला कानूगो के रहने वाले 45 वर्षीय राजू ने काफी बकरियां पाली हुई है। रोजाना की तरह 28 जुलाई की सुबह नौ बजे वह घर से बकरियों को चराने के लिए निकला था। मगर देर रात तक वापस घर नहीं लौटा तो स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच किसी ने बताया कि उसे आखिरी बार रसियावास रोड पर देखा गया था। स्वजन वहां पहुंचे तो राजू की कुछ बकरियां वहीं टहलती मिली। पास में ही मेन सड़क के बिल्कुल साथ में नगर पालिका की करीब चार एकड़ जमीन खाली पड़ी हुई है। जिस पर पिछले 15 सालों से नगर पालिका क्षेत्र का ही गंदा पानी और कूड़ा डाला जा रहा है।
जिसकी वजह से इस खाली जमीन ने एक तरह से जोहड़ का रूप लिया हुआ है। स्वजन ने जब इस दलदल वाली जगह पर देखा तो राजू की चपल और लाठी पड़ी हुई दिखाई दी। इसके बाद उन्हें शक हुआ कि राजू इसी दलदल में फंसा हुआ है। मंगलवार की शाम पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ को सूचित किया। बुधवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की मशक्कत के बाद राजू के शव को बाहर निकाला जा सका। बावल थाना पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी है। अभी राजू के स्वजन की तरफ से कोई बयान नहीं दिया गया है।
Tags:    

Similar News