हरियाणा में 5600 पुलिस पदों पर भर्ती अंतिम चरण में, सीएम का बड़ा बयान
सिरसा में सीएम सैनी ने कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना, लगाए गंभीर आरोप
सिरसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सिरसा दौरे के दौरान पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और राज्य पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने की स्थिति में हरियाणा की कल्याणकारी योजनाओं को वहां भी लागू किया जाएगा।
सरकारी नौकरियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में लगभग 5600 पुलिस पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द साक्षात्कार शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य दिसंबर के अंत तक भर्ती परिणाम जारी करना है। इसके बाद नई भर्तियों का कैलेंडर जारी किया जाएगा।
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने उनके विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक नाटक करार दिया। उन्होंने कहा कि विधायक को क्षेत्र की जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। सैनी ने दावा किया कि सिरसा के विकास के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की 52 एकड़ भूमि से जुड़े न्यायालयीन मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है। उन्होंने बिल्डरों से किसी प्रकार की सांठगांठ के आरोपों को खारिज किया।
मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 को लेकर उन्होंने घोषणा की कि 20 वर्ष से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक महीने के लिए दोबारा खोला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।