रक्षाबंधन 2022: बहनों को हरियाणा सरकार का तोहफा, रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा का ऐलान

रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा का ऐलान

Update: 2022-08-01 09:46 GMT

 चंडीगढ़ , बहन और भाईयों को रक्षाबंधन के त्योहार का इंतजार रहता है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है। ऐसे में रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर हरियाणा की सरकार ने महिलाओं को लेकर एक बार फिर बड़ा ऐलान किया है। मनोहर लाल सरकार ने राज्य की बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

हालांकि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश की रोडवेज बसों में रक्षाबंधन के दिन बहनों को सरकार की ओर से सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा जाती रही है। वहीं सीएमओ हरियाणा की ओर से दी गई सूचना में बताया गया, "हरियाणा सरकार ने महिलाओं को रक्षाबंधन का तोहफा देते हुए इस वर्ष भी हरियाणा परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। मुफ्त यात्रा की सुविधा 10 अगस्त, 2022 को दोपहर 12 बजे से आरम्भ होकर 11 अगस्त, 2022 रक्षाबंधन के दिन मध्य रात्रि 12 बजे तक रहेगी।

बता दें कि इस साल 11 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भाई-बहन के बीच के प्रेम को दर्शाने वाले इस त्योहार के दिन शादीशुदा बहनें अपने घर जाकर भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती हैं। हर साल सावन की पूर्णिमा की तिथि पर रक्षाबंधन बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसे में हरियाणा सरकार की ओर से दी गई सुविधा भी बहनों के लिए रक्षाबंधन के एक उपहार के तौर पर है।



Tags:    

Similar News