प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पुलिस सख्त, चालान का आंकड़ा 2312 पहुंचा
पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप, प्रदूषण को लेकर 2312 चालान
सोनीपत: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर रोक लगाने और हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सोनीपत पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम), ग्रैप के पहले चरण और शीतकालीन कार्ययोजना 2026-27 के तहत एक नवंबर से जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दिल्ली सीमा से सटे प्रमुख मार्गों और प्रवेश बिंदुओं पर नाकाबंदी कर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। अभियान के शुरुआती आठ दिनों में पुलिस ने यातायात और प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 2312 चालान किए हैं और 67 वाहनों को इंपाउंड किया है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात सोनाक्षी सिंह कर रही हैं। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस अधिकारियों को दिल्ली सीमा पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा ग्रैप के तहत लागू प्रतिबंधों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार 1 नवंबर को सबसे अधिक 543 चालान किए गए और 41 वाहन इंपाउंड किए गए। 2 नवंबर को 265 चालान और 8 वाहन इंपाउंड, 3 नवंबर को 316 चालान और 4 वाहन इंपाउंड, 4 नवंबर को 320 चालान और 6 वाहन इंपाउंड किए गए। इसी तरह 5 नवंबर को 297 चालान और 5 वाहन इंपाउंड, 6 नवंबर को 386 चालान और 3 वाहन इंपाउंड तथा 7 नवंबर को 179 चालान किए गए। 8 नवंबर को 6 चालान हुए। इस दिन कोई वाहन इंपाउंड नहीं किया गया।
पुलिस के अनुसार दिल्ली नहीं जाने वाले वाहनों को सर्वोच्च न्यायालय और संबंधित प्राधिकरणों के निर्देशों के अनुसार कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेसवे से उनके गंतव्य की ओर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों को प्रदूषण नियंत्रण और ग्रैप के नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।