पानीपत: पानीपत में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय में जनता दरबार लगाया। पानीपत के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल इतना है कि लोगों को अपनी परेशानियों के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही समस्याओं का समाधान करवाया।
जनता दरबार में एक बजे तक 150 से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर मंत्री के सामने प्रस्तुत हुए। इनमें मकान संबंधी विवाद, राशन कार्ड में गड़बड़ी, सड़क निर्माण, वृद्धावस्था पेंशन और विधवा पेंशन, आवास योजना का लाभ न मिलना, आदि से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं। मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता के साथ सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अपने अधिकारों के लिए भटकना न पड़े, यह सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को सख़्त लहजे में कहा कि जनता की समस्या को गंभीरता से अधिकारी सुने और उनका समाधान करें। उन्होंने बताया कि शहर में बढ़ते जाम, अतिक्रमण और साफ-सफाई की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम और पुलिस विभाग के साथ संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शहर के सेक्टर 6 और हरी नगर कॉलोनी के पास बने रास्ते पर कॉलोनी के लोगों ने रास्ता बंद कर दिया है। ऐसे में लोगों को निकलने के लिए काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।