Palwal: इनामी बदमाश गिरफ्तार, पलवल CIA को मिली सफलता

पलवल CIA ने चांदी लूट के आरोपी को दबोचा

Update: 2026-06-18 12:39 GMT

पलवल: पलवल सीआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने दिल्ली में लाखों रुपये की चांदी लूट के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कांतीखेड़ा गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है।

सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी सुनील ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के कापसहेड़ा क्षेत्र में लाखों रुपये की चांदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में कापसहेड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर दिल्ली पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।

उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर सीआईए टीम ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान निरीक्षक रविंद्र कुमार, एएसआई श्रीचंद, अशोक कुमार, हवलदार रविंद्र तथा सिपाही कपिल और सुनील ने गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पलवल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ एवं कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने संयुक्त अभियान की सफलता पर सीआईए टीम की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों की धरपकड़ के लिए पलवल पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अपराधियों के खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Tags:    

Similar News