Palwal: नकाबपोशों ने ठेके से की बड़ी लूट, शराब और नकदी गायब

Update: 2025-11-22 07:09 GMT

पलवल: पलवल जिले के उपमंडल हथीन के भमरौला-टीकरी ब्राह्मण मार्ग स्थित एक शराब ठेके पर देर रात हथियारबंद नकाबपोशों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने सेल्समैन से मारपीट कर नकदी, शराब की बोतलें और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बहीन थाना प्रभारी यशवीर ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि देव नगर कॉलोनी निवासी कुलवंत केके कंपनी का यह ठेका संचालित करता है। ठेके पर अनुज कुमार (निवासी भटपुरम, फर्रुखाबाद-उत्तर प्रदेश) सेल्समैन के तौर पर काम करता है। शिकायत के अनुसार रात करीब 9:30 बजे अनुज ठेके पर अकेला था। उसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे।

बदमाशों ने अनुज को अवैध हथियार दिखाते हुए डराया-धमकाया। उसके साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने काउंटर में रखे 15 हजार रुपये नकद, सेल्समैन की जेब में रखे 2 हजार रुपये, मोबाइल फोन और तीन शराब की बोतलें लूट लीं। जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना के बाद अनुज ने एक राहगीर के फोन से ठेका संचालक को सूचना दी। कुलवंत मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज चेक की, जिसमें तीनों बदमाशों को लूटपाट करते और भागते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

पुलिस ने कुलवंत की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों व व्यापारियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Tags:    

Similar News