Palwal: कृष्णपाल गुर्जर ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां

मोदी सरकार के 12 साल पर कृष्णपाल गुर्जर का संबोधन

Update: 2026-06-21 05:05 GMT

पलवल: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट वितरित की तथा प्रबुद्धजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारत को नई दिशा और वैश्विक पहचान प्रदान की है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देशभर में एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हुआ है, जबकि एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। रेलवे के आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण से यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।

गुर्जर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ धाम तथा महाकाल मंदिर के विकास जैसे निर्णयों ने देश की सांस्कृतिक विरासत को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर विधायक हरेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News