Palwal: जन शिकायतों का जल्दी निपटारा सुनिश्चित करें: आरती सिंह राव

Update: 2025-11-21 06:08 GMT

पलवल: हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक के एजेंडा में शामिल 14 में से 10 शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की हर एक समस्या को गंभीरता से लेकर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाना सुनिश्चित करें।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव गुरुवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवादों की सुनवाई कर रही थीं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रत्येक व्यक्ति की शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए बैठक में रखी गई 14 शिकायतों में से 10 का मौके पर ही समाधान करवाया तथा शेष रही शिकायतों के समाधान को लेकर अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बैठक में भानू प्रकाश निवासी गांव लुलवाड़ी, प्रभु दयाल निवासी खचेरू, उषा रानी निवासी बल्लभगढ़, समस्त किसान गांव सीहा और गांव अल्लीका, डालचंद निवासी गांव खांबी, शिवकुमार निवासी गांव धतीर, चरण सिंह निवासी गांव कटेसरा, रोहताश निवासी गांव बढराम जयंती निवासी गांव बाजपुर कलां, त्रिलोक निवासी हथीन, असलम निवासी गांव पहाडपुर, मंजू वशिष्ठï निवासी पलवल व विद्या सागर निवासी गांव बहरौला की शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने विद्या सागर की शिकायत की सुनवाई करते हुए 60 दिन के अंदर-अंदर सूअर फार्म आवास क्षेत्र से हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवादी असलम की जिला शिक्षा विभाग से संबंधित एक शिकायत की सुनवाई करते हुए आरोपी अध्यापकों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस केस में बिजली विभाग के अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्यवाही की जाएगी।

बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

आरती सिंह राव

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के नागरिकों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक सेवाओं का विस्तार कर रही है ताकि किसी भी नागरिक को उपचार के लिए भटकना न पड़े। साथ ही जनजागरूकता, स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News