Nuh: रिश्वतखोरी में क्लर्क गिरफ्तार, मेडिकल बिल पास करने के बदले मांगे थे 25 हजार
25 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क रंगे हाथ दबोचा, मेडिकल बिल का मामला
नूंह: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सोमवार को नूंह में कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के एक क्लर्क को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शाकिर पुत्र अल्जी निवासी घुड़ावली, जिला पलवल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शाकिर नूंह स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने एक मेडिकल बिल पास करने की एवज में संबंधित व्यक्ति से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच करते हुए रिश्वत लेते आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
योजना के तहत एसीबी टीम ने नूंह बस स्टैंड पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शाकिर को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में शिक्षा विभाग का कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल है या नहीं। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।