Nuh: नूंह में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, एमएलआर बदलने के बदले रिश्वत लेते एमपीएचडब्ल्यू पकड़ा गया
नूंह में एमपीएचडब्ल्यू पर शिकंजा, पॉक्सो मामले में एमएलआर बदलने के लिए रिश्वत का आरोप
नूंह/गुरुग्राम: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नूंह जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.50 लाख की रिश्वत लेते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में पीएचसी के मेडिकल ऑफिसर को भी आरोपी बनाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू शर्मा पिनंगवां पीएचसी एमपीएचडब्ल्यू के रूप में हुई है। मामले में एसएमओ डॉ. बीरपाल को भी गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसके बेटे के खिलाफ थाना पिनंगवां में पोक्सो एक्ट में दर्ज है। आरोप है कि आरोपी मोनू शर्मा ने मेडिकल कराने के दौरान संपर्क कर कहा कि वह पीड़ित का मेडिकल सैंपल बदलवा देगा और एमएलआर में उसके पक्ष में राय देगा।
इस काम के बदले पहले 15,000 मांगे गए, जिसमें से 5,000 नकद और 10,000 ऑनलाइन लिए। इसके बाद आरोपी ने लगातार फोन कर रिश्वत की मांग बढ़ा दी। अंत में 3.50 लाख की मांग की और 2.50 लाख लेकर आने को कहा। इस
शिकायत की पुष्टि के बाद ब्यूरो की फरीदाबाद की टीम ने ट्रैप लगाया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आरोपी मोनू शर्मा को 2.50 लाख रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई।
ट्रैप के दौरान मौके पर मौजूद डॉ. बीरपाल की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया। इस मामले में ब्यूरो के गुरुग्राम थाना में केस दर्ज किया गया है।