पार्टी संगठन को ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने के लिए रविवार को बापौली ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल शामिल हुए। बैठक में संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर विस्तृत चर्चा की गई।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, बघेल ने कहा कि कांग्रेस संगठन की असली ताकत उसके जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में है। संगठन को कागजी कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय हर गांव और हर बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा, वहीं प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका और जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से परिभाषित की जाएगी।
बघेल ने युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संगठन के माध्यम से उनके मुद्दों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची और बूथ संबंधी संगठनात्मक कार्य पूरी गंभीरता से करने और हर बूथ पर अपनी टीम मजबूत रखने की अपील की. कार्यक्रम के आयोजक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कंवर सिंह छोकर ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए बापौली क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है।