NCR Faridabad: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑपरेशन थिएटर बनेगा

"5 लाख लोगों को होगा फायदा"

Update: 2025-03-01 10:09 GMT

फरीदाबाद: खेड़ी कला, कौराली और धौज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओटी बनाए जा रहे हैं। जिसका कार्य लगभग जुलाई तक पूरा हो जाएगा। इससे इन इलाकों में रहने वाले 5 लाख से अधिक लोगों को फायदा पहुंचेगा। ओटी (ऑपरेशन थिएटर) में शुरूआत में मरीजों के मामूली आॅपरेशन किए जाएंगे। जिनमें महिलाओं की डिलीवरी, पथरी और पित की थैली के ऑपरेशन शामिल हैं।

गांव खेड़ी कला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लगभग 33 गांव जुड़े हुए हैं। जिनमें करीब 1 लाख 77 हजार लोग रहते हैं। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आस पास के झुग्गी- झोपड़ी में रहने वाले लोग और सोसाइटी के लोगों को भी इससे बहुत फायदा होने वाला है। इन सभी जगहों पर ओटी बनाने का कार्य जोरों से चल रहा है। लगभग पांच महीनों में इन्हें बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। जिसके बाद मरीजों को अपनी मामूली बीमारियों के लिए बीके अस्पताल की और नहीं जाना पड़ेगा। इसमें मरीजों के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। ऑपरेशन थिएटर में मरीजों के मामूली ऑपरेशन किए जाएंगे जिनमें महिलाओं की जटिल डिलीवरी, पथरी, पित की थैली के आॅपरेशन और अन्य मामूली बीमारियां शामिल हैं। इसकी सहायता से वहां रहने वाले लोगों को मामूली ऑपरेशन के लिए बीके अस्पताल में आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

सरकार की ओर से लंबे समय से इसे बनाने की चर्चा चल रही थी लेकिन अब जाकर लोगों को सहूलियत मिलेगी। पहले लोगों को हर बीमारी का इलाज कराने के लिए बीके अस्पताल की ओर जाना पड़ता था, लेकिन इनके बनने के बाद मरीजों को लगभग 20 किलोमीटर तक का सफर तय नहीं करना पड़ेगा। खेड़ी कला से बीके अस्पताल दस किलोमीटर की दूरी पर है। कौराली 19 किलोमीटर और धौज लगभग 13 किलोमीटर दूर है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

खेड़ी कला के मेडिकल अफसर डॉ. सनी डैंगवाल ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर से आसपास के लाखों लोगों को फायदा पहुंचेगा। यहां छोटे आॅपरेशन से शुरूआत की जाएगी। मरीजों का इलाज लगभग निशुल्क किया जाएगा, बाकी आगे जो भी सरकार की ओर से दिशा निर्देश होंगे उसी हिसाब से कार्य किया जाएगा।

Tags:    

Similar News