फरीदाबाद: मौजूदा क्रेडिट कार्ड के आधार पर नया क्रेडिट कार्ड बनाने का आॅफर देकर ठगी का कॉल सेंटर दिल्ली के नजफगढ़ एरिया में चल रहा था। फरीदाबाद में दर्ज एक मामले की जांच करते हुए साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने इस कॉल सेंटर पर छापा मारकर 2 युवतियों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दोनों युवतियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। जबकि कॉल सेंटर संचालक समेत 3 आरोपियों को 3 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली के रामा विहार निवासी बोबी श्रेष्ठा, कराला गांव में रह रहे राकेश राजाराम, मदनपुर डबास गांव में रह रहे हरविंदर उर्फ मंजीत, कराला गांव में रह रही गुनगुन उर्फ गुंजन और भौरगढ़ गांव में रह रही शिवानी शामिल हैं। आरोपी हरविंदर उर्फ मंजीत इस कॉल सेंटर का संचालक है और ये सिम व मोबाइल कॉल करने के लिए उपलब्ध कराता था। आरोपी राकेश क्रेडिट कार्ड धारकों का डेटा उपलब्ध कराता है। जबकि बोबी, गुनगुन व शिवानी लोगों को कॉल करते थे।

फरीदाबाद में दर्ज 41500 रुपये की ठगी के मामले में शिवानी ने बैंककर्मी बनकर लिंक भेजा था। बोबी ने इस लिंक के जरिये ठगी कर जेप्टो से 41500 रुपये का आॅनलाइन आॅर्डर कर सामान मंगवाया था। हरविंदर पर पहले भी साइबर ठगी के मामले दर्ज मिले हैं।

साइबर क्राइम थाना एनआईटी में ये एफआईआर दर्ज हुई थी। एनआईटी 5 एरिया में रहने वाले व्यक्ति ने आरोप लगाया कि 20 जनवरी को उन्हें एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बैंककर्मी बनकर बात की और मौजूदा क्रेडिट कार्ड पर नया क्रेडिट कार्ड बनाने का आॅफर बताते हुए व्हाट्सएप पर लिंक भेजा। लिंक ओपन कर डिटेल डाली तो कार्ड से रुपये कट गए। अब पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Tags: