फरीदाबाद: सेक्टर-25 एरिया के एक फैक्टरी संचालक को हनीट्रैप में फंसाकर एक महिला व अन्य मिलकर जबरन वसूली कर रहे हैं। कई लाख रुपये लेने के साथ ही स्पा संचालिका महिला इस स्पा की दुकान का मासिक किराया भी फैक्टरी संचालक को नहीं दे रही। लाखों रुपये लेने के बावजूद अब वो 5 लाख रुपये के लिए दबाव बना रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-58 थाने में एफआईआर दर्ज कर टीम ने जांच शुरू की है।

पुलिस को ये शिकायत बल्लभगढ़ एरिया के रहने वाले फैक्टरी संचालक ने दी है। धमकी देकर अवैध वसूली, बंधक बनाना, ठगी का आरोप सेक्टर-55 निवासी रिंकी उर्फ सोफिया व महीप तंवर पर लगाया गया है। इनका कहना है कि 2 जून 2024 की रात लगभग साढ़े 10 बजे इएफ 3 मॉल के गेट से कार से बाहर निकले। लेकिन तेज बारिश के चलते कुछ देर वहां रुक गए। आरोप है कि तभी एक महिला आई और कहा कि वो इसी मॉल में स्पा चलाती हैं और कोई टैक्सी नहीं मिल रही है। महिला ने अपना नाम रिंकी उर्फ सोफिया बताते हुए सेक्टर-55 में घर तक छोड़ने की गुजारिश की। रास्ते में फैक्टरी संचालक से मोबाइल नंबर ले लिया और फिर दोनों में बातचीत शुरू हो गई और अक्सर वो मॉल में मिलने लगे। अगस्त 2024 में महिला ने खुद पर दर्ज केस खत्म कराने के नाम पर 2 लाख 30 हजार रुपये लिए।

बाद में महिला ने मकान खरीदने के नाम पर 16 लाख रुपये उधार लिए और लौटाने से मना कर दिया। अक्टूबर 2024 में मॉल में अपनी स्पा वाली दुकान भी फैक्टरी संचालक को 48 लाख रुपये में खरीदवा दी। लेकिन तय 42600 रुपये मासिक किराया भी महिला नहीं दे रही। महिला ने बेटे को कार दिलाने के लिए भी फैक्टरी संचालक से 50 हजार रुपये में कार की बुकिंग कराई। अब कार खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की मांग कर रही है।

7 मार्च को महिला ने फिर से फैक्टरी जाकर धमकाया। आरोप है कि महिला जबरन फैक्टरी संचालक को कार से सेक्टर-55 ले गई और लगभग 4 घंटे तक कार में ही बैठे रहने को मजबूर किया। शिकायतकर्ता ने अपने मामा सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर को कॉल किया और ट्रेफिक विंग के एएसआई की मदद से मामा ने आकर सरजीत को कार से बाहर निकाला। 12 मार्च को महिला फिर से फैक्टरी गई और संचालक के वहां न मिलने पर अकाउंटेंट को फिर से धमकाया। मामले में अब सेक्टर-58 थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 308(2), 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

Tags: