युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश: नवीन जिंदल
नवीन जिंदल ने युवाओं से लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की अपील की
कैथल: सांसद नवीन जिन्दल और पूर्व मंत्री एवं हिसार विधायक सावित्री जिन्दल ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी सफलता की सराहना की। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 14 स्वर्ण सहित कुल 32 पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान नवीन जिन्दल ने उनके प्रशिक्षण, मेहनत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने के लिए किए जाने वाले प्रयासों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की उपलब्धि के पीछे वर्षों का अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ते रहने का जज्बा होता है। खिलाड़ियों का संघर्ष और समर्पण युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की सीख देता है। सांसद के कैथल जिला कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नवीन जिन्दल ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2002 के एशियाई खेलों में निशानेबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व करने के कारण वह खिलाड़ियों की चुनौतियों को समझते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतना आसान नहीं होता। इसके लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक मजबूती, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास भी जरूरी है।
कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में एक नवंबर से आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव को लेकर नवीन जिन्दल ने युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना तथा उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है। खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं को ऐसे मंच मिलने से वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में बड़ी प्रतियोगिताओं तक पहुंचने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। सांसद खेल महोत्सव इसी दिशा में एक प्रयास है, जिसमें युवा उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। नवीन जिन्दल ने विश्वास जताया कि खेलों के प्रति बढ़ती रुचि से क्षेत्र में स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।