Narnaul: पुलिस ने कार चालक समेत दो को केस में नामजद किया
पुलिस ने कार चालक समेत दो को केस में नामजद किया
नारनाैल: नारनौल सदर थाना पुलिस ने गहली चौक पर नाकाबंदी के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार पकड़ी है। जांच में कार की वास्तविक रजिस्ट्रेशन संख्या एचआर66सी-1634 मिली, जबकि उस पर एचआर47जी-1307 नंबर की प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने कार चालक सुनील निवासी सरेली समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात सदर नारनौल थाना पुलिस की टीम गहली चौक पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नारनौल से गोद बलाहा की ओर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार जा रही है। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी है और उसे सुनील चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस को बताई गई हुलिए की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकवाकर नंबर प्लेट की जांच की तो उस पर एचआर47जी-1307 नंबर अंकित था। चालक से कार के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मशीन से नंबर की जांच की तो एचआर47जी-1307 नंबर रणवीर सिंह निवासी नांगल जमालपुर, जिला रेवाड़ी के नाम पंजीकृत मिला। इसके बाद कार के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई। इसमें कार की वास्तविक रजिस्ट्रेशन संख्या एचआर66सी-1634 सामने आई, जो सुनील निवासी सरेली के नाम पंजीकृत है।
पूछताछ में सुनील ने बताया कि कार का लोन अधिक होने के कारण वह किश्तें नहीं भर पा रहा था। उसे डर था कि फाइनेंस कंपनी कार जब्त कर लेगी। फिटनेस नहीं होने पर चालान से बचने के लिए उसने नंबर प्लेट बदलने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने सुनील और हरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।