नारनाैल: थाना सदर कनीना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव कोका निवासी एक व्यक्ति को पांच पेटी देसी और अंग्रेजी शराब समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की आल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव कोका निवासी प्रदीप के रूप में हुई है।

डीएसपी डॉ. कविता ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम को अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव कोका पहुंची। पुलिस को बताए गए स्थान पर एक सफेद रंग की आल्टो कार खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें शराब की पेटियां रखी हुई मिलीं।

पुलिस के अनुसार, कार से कुल पांच पेटी शराब बरामद हुई। इनमें एक पेटी में देसी शराब के 48 पव्वे मिले। इसके अलावा तीन पेटियों में देसी शराब की 36 बोतलें बरामद की गईं। एक अन्य पेटी में अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें मिलीं। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार उसके सैंपल भी लिए।

पुलिस ने शराब की पेटियों और आल्टो कार को नियमानुसार जब्त कर लिया है। इसके बाद आरोपी प्रदीप के खिलाफ थाना सदर कनीना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से लेकर आया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Tags: