नारनाैल: नारनौल में मोहल्ला पुरानी सराय, नई सराय और जमालपुर के बीच सैन चौक पर शनिवार को सड़क निर्माण के शुभारंभ का कार्यक्रम चर्चा का विषय बन गया। सड़क के उद्घाटन के लिए विधायक और नगर परिषद चेयरपर्सन के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने पर मोहल्लावासियों ने उनका इंतजार करने के बजाय बुजुर्गों से ही निर्माण कार्य का शुभारंभ करा दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सैन चौक के दोनों तरफ की सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। मोहल्लावासियों की मांग को देखते हुए नगर परिषद की ओर से जमालपुर से नई सराय स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के गेट तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क के शुभारंभ का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया था।

कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश यादव और नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी को पहुंचना था। वार्ड नंबर 26 के पार्षद काशीराम सैनी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए, लेकिन करीब सवा 10 बजे तक दोनों जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे।

इसी दौरान पार्षद को विधायक के पीए का संदेश मिला कि विधायक जरूरी काम से रेवाड़ी और गुरुग्राम गए हैं और शाम करीब चार बजे पहुंच सकेंगे। चेयरपर्सन ने भी विधायक के साथ आने की बात कही। इसके बाद मोहल्लावासियों ने शाम तक इंतजार करने के बजाय बुजुर्गों से उद्घाटन कराने का निर्णय लिया। रिटायर्ड सूबेदार चौधरी हरिराम और शिक्षा बोर्ड से सेवानिवृत्त दुलीचंद शर्मा ने सैन महाराज को तिलक लगाया और नारियल फोड़कर सड़क निर्माण शुरू कराया।

लोगों ने कहा कि सड़क बनना राहत की बात है, लेकिन जनप्रतिनिधियों को लोगों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर उमराव सिंह सैनी, डॉ. भीम, धर्मपाल कौशिक, रघुवीर सैनी, गोविंद शर्मा एडवोकेट और बिशन सैनी सहित कई लोग मौजूद रहे।

Tags: