Narnail: नारनौल डिपो ने कसी कमर, रक्षाबंधन पर 157 बसों से संभालेगा अतिरिक्त यात्री भार
रक्षाबंधन पर बसों की कमी नहीं होगी, नारनौल डिपो की 157 बसें रहेंगी तैयार
नारनाैल: नारनौल में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों के लिए रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा गुरुवार दोपहर 12 बजे से शुरू हो गई। योजना लागू होते ही नारनौल बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। सुबह से ही महिलाएं और बच्चे बसों का इंतजार करते नजर आए। दोपहर 12 बजे के बाद मुफ्त यात्रा सुविधा शुरू होते ही बड़ी संख्या में यात्रियों ने इसका लाभ उठाना शुरू कर दिया।
नारनौल डिपो के महाप्रबंधक देवदत्त ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने पहले ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली थीं। निशुल्क यात्रा की यह सुविधा गुरुवार दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं और 17 वर्ष तक के बच्चे हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल हरियाणा के एक शहर से दूसरे शहर जाने वाले यात्रियों को ही नहीं मिलेगा, बल्कि दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए संचालित हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में भी महिलाएं और पात्र बच्चे निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जा रही हैं। जीएम के अनुसार नारनौल डिपो की कुल 157 बसें सड़कों पर संचालित रहेंगी। इनमें हरियाणा रोडवेज की 137 बसें और 20 हायर की गई बसें शामिल हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों को बसों का संचालन सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज प्रशासन के अनुसार यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि रक्षाबंधन पर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।