नारनाैल: जिला सीआईए की टीम ने मंगलवार को सदर कनीना थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मामले में वांछित मोस्ट वांटेड अपराधी सोमवीर निवासी बाघोत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले कनीना अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि सीआईए टीम सतनाली मोड़ पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित सोमवीर बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर दोगड़ा की ओर जा रहा है। उसके पास अवैध हथियार होने की भी सूचना थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव भालखी की ढाणी के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।

पुलिस ने चालक को रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस वाहन के साइड ग्लास पर लगी। गोली चलाने के दौरान मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई और आरोपी झाड़ियों में जा गिरा। पुलिस टीम ने उसे काबू करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी दोबारा उठकर पुलिसकर्मियों की ओर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। पुलिस कर्मियों की जान को गंभीर खतरा देखते हुए टीम ने आत्मरक्षा में दो फायर किए। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह मौके पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया। जांच में सामने आया कि सोमवीर के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में छह मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।

Tags: