Narnail: रेलवे लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आया युवक

दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत

Update: 2026-07-25 08:40 GMT

नारनाैल: नारनौल शहर के महत्ता चौक के समीप राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान के पास शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में करीब 30 वर्षीय युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना का पता उस समय चला जब नांगल चौधरी रोड स्थित सब्जी मंडी की ओर जा रहे राहगीरों ने रेलवे अंडरपास के पास ट्रैक और आसपास की झाड़ियों में शव के टुकड़े पड़े देखे। यह दृश्य देखकर लोगों में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना तुरंत डायल-112 पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रेन की तेज रफ्तार के कारण युवक के शरीर के हिस्से ट्रैक के किनारे उगी झाड़ियों और नीचे बने नाले तक जा गिरे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) को सूचना दी।

जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव अत्यधिक क्षत-विक्षत होने के कारण मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिल सका। पुलिस आसपास के क्षेत्र में गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है।

जीआरपी चौकी प्रभारी कैलाशचंद ने बताया कि शव के अवशेषों को एकत्र कर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News