हिसार: हरियाणा के हांसी में अपराधियों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। सदर थाना क्षेत्र के हाजमपुर गांव में दो बदमाश सामान बेचने के बहाने एक घर में दाखिल हुए और महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी घर से नकदी और मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। दोनों आरोपी सामान बेचने के बहाने घर पहुंचे और कुछ देर तक बातचीत करते रहे। महिला ने जब सामान लेने से इनकार किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

महिला के बेहोश होने के बाद बदमाशों ने घर की तलाशी ली और करीब 30,500 रुपये की नकदी और महिला का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। कुछ समय बाद जब महिला को होश आया तो उसने घटना की जानकारी परिवार को दी। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों में एक संदिग्ध वाहन दिखाई दिया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर में प्रवेश देने से पहले सावधानी बरतें। सामान बेचने, सर्वे करने या किसी अन्य बहाने से आने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ग्रामीण इलाकों में इस तरह की घटनाओं को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही जा रही है।
Tags: