सोनीपत: विश्व वृद्ध दिवस के अवसर पर गुरुवार को सेक्टर-14 सामुदायिक केंद्र में वरिष्ठ नागरिक परिषद की ओर से वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के 20 वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। नगर निगम मेयर राजीव जैन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मेयर राजीव जैन ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की गरिमा तथा धरोहर हैं। उनका योगदान केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अनुभव, ज्ञान और जीवन मूल्यों से समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के नैतिक और सांस्कृतिक आधार हैं और यही विकसित भारत की मजबूत नींव है।

उन्होंने युवा पीढ़ी से वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों और ज्ञान से सीख लेने का आह्वान किया। मेयर ने कहा कि मौजूदा दौर में बढ़ती व्यस्तता और सामाजिक दूरी के बीच वरिष्ठ नागरिक परिषद संवाद, चर्चा और सामाजिक चेतना के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रही है।

समारोह के दौरान वरिष्ठ नागरिक परिषद की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। मेयर ने परिषद के पदाधिकारियों के साथ स्मारिका का विमोचन किया और सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की।

राजीव जैन ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सहायता, सामाजिक सुरक्षा, सुगम जीवन और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में पायल मलिक, परिषद के बी.एल. आहूजा, बी.पी. आर्य, डॉ. डी.बी. रावल, ओ.पी. इलाहाबादी, सुखप्रिय शास्त्री, सुभाष वशिष्ठ, मास्टर ज्ञान सिंह, रविंद्र कुकरेजा, हर भगवान अरोड़ा और नवीन रेलन सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Tags: