हिसार: हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उनमें नैतिक मूल्यों और अच्छे संस्कारों का विकास करना भी बेहद जरूरी है। बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना ही वास्तविक महिला सशक्तिकरण है। आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

मीना परमार रविवार को आजाद नगर स्थित ब्लू बेल्स कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा दिलाने के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करें।

बेटियों को बेटों के समान मिलें अवसर

मीना परमार ने कहा कि बेटियों को हर क्षेत्र में बेटों के समान अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमता के दम पर सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत

उन्होंने हरियाणा राज्य महिला आयोग की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और उनके हितों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी तरह की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में उन्हें उचित सहायता लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों को अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य सुनीता रेड्डू, आदित्य रेड्डू, सीडीपीओ कृष्णा चहल, वाइस प्रिंसिपल सुशीला सिंधु, सुदेश पूनिया और मीनाक्षी मान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Tags: