नगर निगम में कुलभूषण बंसल को मिली अहम जिम्मेदारी
हिसार नगर निगम में प्रशासनिक बदलाव, संयुक्त आयुक्त नियुक्त
हिसार: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2019 बैच के एचसीएस अधिकारी कुलभूषण बंसल को हिसार नगर निगम में संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया है। बंसल वर्तमान में नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे थे। राज्य सरकार ने उनकी नियुक्ति के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किए हैं।
कुलभूषण बंसल इससे पहले हांसी के एसडीएम रह चुके हैं। करीब एक साल पहले वह एक चर्चित यौन शोषण मामले में कोर्ट से बरी हुए थे। यह मामला वर्ष 2024 में सामने आया था। उस समय हांसी के तत्कालीन एसडीएम कुलभूषण बंसल पर ग्रुप-डी के अनुसूचित जाति श्रेणी के एक सफाईकर्मी ने गंभीर आरोप लगाए थे।
वीडियो और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कुलभूषण बंसल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सरकार ने 7 नवंबर 2024 को उन्हें सस्पेंड कर दिया था। सस्पेंशन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय मुख्य सचिव कार्यालय, चंडीगढ़ निर्धारित किया गया था।
मामले की सुनवाई हिसार की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता अपने पूर्व बयानों से मुकर गया और अदालत में दी गई गवाही में उसने लगाए गए आरोपों को नकार दिया। मुख्य गवाह और शिकायतकर्ता के मुकरने के बाद अभियोजन पक्ष के आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं रहे। इसके चलते अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में कुलभूषण बंसल को बरी कर दिया था। अब सरकार ने उन्हें हिसार नगर निगम में संयुक्त आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी है।