हरियाणा Haryana : वन विभाग की टीम ने एक कार को जब्त कर उसमें से खैर की लकड़ी जब्त की है। वन रेंज अधिकारी दिनेश पुनिया ने बताया कि उनकी टीम ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात छछरौली के पास पंचायती जमीन पर विकसित वन रेंज में एक कार और मोटरसाइकिल देखी। उन्होंने बताया कि जैसे ही टीम कार के पास पहुंची, उसमें सवार व्यक्ति वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कार की जांच की तो उसकी डिक्की में खैर की लकड़ी लदी हुई थी। पुनिया ने बताया कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी छछरौली ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि खैर के दो पेड़ काटे गए हैं। खैर की लकड़ी का उपयोग कत्था बनाने के लिए किया जाता है और इसका उपयोग कई आयुर्वेदिक दवाओं में भी किया जाता है। खैर की लकड़ी की कीमत 7,000 से 8,000 रुपये प्रति क्विंटल है।