Karnal करनाल: सड़क हादसे के दौरान एक युवक की मौत हो गई। युवक को कुचलते हुए दो ट्रक उसके ऊपर से गुजर गए। इस हादसे का शिकार हुए युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है, पहचान न हो पाने पर 72 घंटों पश्चात शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
मामला देर रात नेशनल हाइवे मानक माजरा पर स्थित पुराने टोल टैक्स का है। जहां एक युवक चलते ट्रक से नीचे सड़क पर गिर गया। युवक के गिरते ही ट्रक ने उसे कुचल दिया, इसके बाद पीछे से आ रहे दूसरा ट्रक भी युवक के ऊपर से गुजर गया। हादसे में युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। युवक की दोनों टांगे बुरी तरह घायल हो गई।
जिसके बाद अन्य ट्रक चालकों और ढाबा चौकीदार ने युवक की सहायता की। हादसे में घायल होने के बाद युवक की स्थिति दयनीय थी। ढाबा चौकीदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर बुटाना थाना एसआई गुरबचन पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
एसआई गुरबचन ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में भिजवाया गया है। हालांकि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हुई है, पुलिस टीम मृतक की शिनाख्त करने में जुटी है। जिसके बाद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गया।
पुलिस को बयान देते हुए प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह गांव रायपुर रोड़ान निवासी विक्रम रात 12 बजे हिमाचल ढाबा पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी बीच कुरुक्षेत्र की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से युवक नीचे सड़क पर गिर गया। ट्रक चालक रुकने की जगह युवक को कुचलता हुआ करनाल की तरफ निकल गया।
इसके बाद पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक भी युवक को कुचलते हुए गुजर गया। जिसके बाद सभी युवक को देखने के लिए नजदीक पहुंचे तो देखा कि युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसके बाद सूचना पुलिस टीम को दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए हाइवे के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। साथ ही मृतक की पहचान भी की जा रही है।