Jind जींद : जींद में एक व्यक्ति ने चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों भाई सुबह घूमने के लिए निकले थे, किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई और वापस लौटते ही आरोपी ने रिवॉल्वर निकाल कर सीधे गोली चला दी।
मृतक को पांच गोलियां लगी हैं। जानकारी के अनुसार जुलाना की नेहरु कॉलोनी निवासी 53 वर्षीय सुरेश और उसका चचेरा भाई जगदीश खेतों की तरफ घूमने के लिए निकले थे। घर से कुछ दूरी पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। दोनों आपस में तेज-तेज बोलने लगे और इसके बाद वहां से वापस लौटते ही जगदीश घर में गया और वहां से अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल कर लाया।
तैश में आकर जगदीश ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और सीधे सुरेश पर फायरिंग कर दी। जगदीश ने पांच गोली मारी, जिससे सुरेश वहीं पर गिर पड़ा और उसने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जगदीश को हिरासत में ले लिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जींद के सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। बताया जा रहा है कि जगदीश काफी गुस्सैल किस्म का आदमी है। मृतक सुरेश और जगदीश कई साल से इकट्ठे ही रहते थे। सुरेश लकड़ी व्यापारी था।
Tags: