Jind: कबड्डी जगत को बड़ा झटका, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का हार्ट फेलियर से निधन
खेल जगत में शोक, हार्ट फेलियर से अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी का निधन
जींद: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मोहित नंदगढ़ उर्फ चेतन की हार्ट फेलियर से मौत हो गई। 19 अगस्त की सुबह मोहित को अचानक दिल का दौरा पड़ गया था, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जुलाना क्षेत्र के नंदगढ़ गांव के मोहित दलाल ने 10 साल की उम्र में ही कबड्डी खेलना शुरू कर दिया था। गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश के मार्गदर्शन में उन्होंने स्टेडियम में कबड्डी की शुरुआत की।
हरियाणा के अलावा पंजाब में भी कई खिताब मोहित ने जीते। 10 से 12 बार वह बड़ी टूर्नामेंट में बेस्ट रेडर रह चुका है। मोहित नंदगढ़ दुबई, कनाडा और इंग्लैंड में भी कबड्डी खेल चुका है।
गांव से निकलने के बाद अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शीलू बल्हारा व दूसरे खिलाड़ियों के साथ मोहित ने प्रेक्टिस की। पिछले दिनों चोट लगने के कारण मोहित को ऑपरेशन करवाना पड़ा था। ऑपरेशन के बाद वह धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे थे और दोबारा मैदान पर लौटने के लिए प्रैक्टिस शुरू कर चुके थे। जिंदगी भले ही 27 साल में थम गई, लेकिन अपने खेल और मेहनत से मोहित ने कबड्डी प्रेमियों के दिलों में जो जगह बनाई, वह हमेशा याद रहेगी।