हुड्डा ने बीजेपी-जेजेपी सरकार पर लगाया ये गंभीर आरोप

Update: 2023-05-26 17:01 GMT

सोनीपत। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि बीजेपी-जेजेपी लगातार प्रदेश के युवाओं के भविष्य से खेल रही है। प्रदेश में करीब 2 लाख सरकारी पद खाली हैं। उन पर भर्ती करने की बजाए सरकार लगातार घोटाले कर रही है। एचईएस भर्ती में सामने आए ताजा घपले से स्पष्ट हो गया है कि इस सरकार में हर भर्ती का सौदा हो रहा है। ग्रुप-डी से लेकर एचसीएस जैसे पदों की भर्ती में धांधलियां की जा रही हैं। सरकारी संरक्षण से भर्ती कमीशन के दफ्तर में बैठे लोग धांधली करने के लिए नए-नए तरीके निकाल रहे हैं। सीधे पेपर लीक करने की बजाए अब हर प्रश्न को कॉपी करके लीक किया जा रहा है।

उन्होंने कहाकि अब तक करीब 30 पेपर लीक को अंजाम दे चुकी सरकार ने एचसीएस भर्ती की परीक्षा में 32 प्रश्न जुलाई 2022 में हुई एक परीक्षा के पेपर से हू-ब-हू कॉपी कर लिए। इससे पहले वेटरनरी भर्ती में भी साल 2017 की महाराष्ट्र में हुई एक भर्ती परीक्षा के 24 प्रश्न कॉपी किए गए थे। इससे पहले एचसीएस की भर्ती करने वाली एचपीएससी के डिप्टी सेकेटरी 1 करोड़ की रिश्वत के साथ अपने दफ्तर में ही पकड़े गए थे। उस मामले की जांच का भी कुछ अता-पता नहीं है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी झेल रहे प्रदेश के युवाओं पर भी सरकार को तरस नहीं आ रहा। इसलिए वो अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है। कांग्रेस ने सदन से लेकर सड़क तक बार-बार भर्ती घोटालों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच और एचपीएससी को भंग करने की मांग उठाई। लेकिन दोषियों को बचाने के लिए कांग्रेस की मांग को सरकार ने नजरअंदाज कर दिया। इसी का नतीजा एचसीएस भर्ती घपला है।

हुड्डा शुक्रवार को मशहूर रागिनी गायक पाले राम दहिया के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने पाले राम दहिया को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाया। वरिष्ठ पत्रकार रहे स्व. पुरुषोत्तम शर्मा की दूसरी पुण्यतिथि पर लगाए गए रक्तदान शिविर में भी हुड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने पुरुषोत्तम शर्मा के फोटो पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। हुड्डा मेयर निखिल मदान द्वारा कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

Tags:    

Similar News

-->