Hisar: जलभराव से हिसार रोडवेज वर्कशॉप की व्यवस्था बिगड़ी
रोडवेज वर्कशॉप में जलभराव से आवाजाही प्रभावित
हिसार: रोडवेज डिपो की वर्कशॉप में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। बारिश के बाद वर्कशॉप परिसर में पानी जमा होने के कारण मिस्त्रियों को बसों की मरम्मत एवं चेकिंग का कार्य करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों को पानी के बीच खड़े होकर काम करना पड़ रहा है, जिससे कार्य व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि वर्कशॉप में पानी भरने के कारण गुरुवार को सिटी बस सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हुई। हिसार शहर में हरियाणा रोडवेज की पांच इलेक्ट्रिक बसें शहरी बस सेवा के तहत संचालित होती हैं, जो पूरे दिन में लगभग 950 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। लेकिन वर्कशॉप में जलभराव के कारण आज लगभग 500 किलोमीटर की बस सेवा प्रभावित रही, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो को हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा।
रोडवेज सांझा संघर्ष समिति का कहना है कि यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एक तरफ विभाग नई बस सेवाओं को बढ़ाने की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ मौजूदा बसों की चेकिंग और संचालन के लिए आवश्यक वर्कशॉप में जल निकासी तक की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही। इसका सीधा खामियाजा कर्मचारियों और आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
समिति ने मांग की कि वर्कशॉप में जलभराव की समस्या का तत्काल स्थायी समाधान किया जाए, पानी की निकासी के लिए उचित नाला/ड्रेनेज व्यवस्था बनाई जाए तथा बसों की चेकिंग और मरम्मत के लिए कर्मचारियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही आज प्रभावित हुई सिटी बस सेवा के कारण यात्रियों को हुई परेशानी और डिपो को हुए आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।