Hisar: मौसम विभाग ने आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान जताया

"आसमान में हल्के बादल रहने से मौसम सुहाना रहने के आसार"

Update: 2026-05-22 09:08 GMT

हिसार: पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते गुरुवार को शहर के पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। बुधवार को दिन का पारा 45.4 डिग्री था जो गुरुवार को लुढ़क कर 44.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

हालांकि रात पारे में बड़ा उछाल देखने को मिला है। बुधवार को न्यूनतम पारा 27.6 डिग्री था जोकि गुरुवार को 31.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर, हकृवि के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार राज्य में मौसम आमतौर पर 23 मई तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान 22 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 22 मई रात्रि व 23 मई को हरियाणा में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच बीच में धूल भरी हवाएं चलने व कहीं कहीं गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी की भी संभावना है।

इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है परंतु 24 मई से 27 मई के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान गर्म हवाएं चलने की संभावना से दिन का तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना बन रही है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।

Tags:    

Similar News