Hisar: मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
"पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा तैयारियां पूरी"
हिसार: जिले के मंडी आदमपुर में पंचायत चुनाव व उकलाना निकाय चुनाव के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। पुलिस ने चुनाव को पूरी तरह से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारी की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस तैयार है। पुलिस अधीक्षक ने अपने निर्देशों में कहा है कि चुनाव को लेकर सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को पूरी तरह दुरूस्त रखें। निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव करवाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मचारी पूरी सतर्कता व चौकसी बरतें व संदिग्ध किस्म के लोगों पर कड़ी निगाह रखें।
आदमपुर के साथ लगते राजस्थान राज्य की सीमा पर स्थापित किए जाने वाले नाकों व अन्य संदिग्ध मार्गों पर भी नाकाबंदी कर आने जाने वाले व्यक्तियों व वाहनों को बारीकी से चेक करें और संदिग्ध किस्म के लोगों पर कड़ी निगाह रखें। उन्होंने बताया कि चुनाव में किसी भी अराजक तत्व ने विघ्न डालने की चेष्टा की तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आदमपुर में 29 बूथ तथा उकलाना में कुल 16 बूथ है। आदमपुर व उकलाना में पांच-पांच नाके लगाए गए हैं। पुलिस चुनाव को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई अवैध तौर से मतदाता को तंग कर रहा है या धनबल-बाहुबल का प्रयोग कर रहा है या मतदाताओं को गैर कानूनी ढंग से प्रभावित करने की कोशिश करे तो 112 या संबंधित एसएचओ को तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि चुनाव के दौरान आम आदमी से मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर उनका सहयोग लिया जाए।