हिसार: हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। करीब एक साल बाद 27 अक्टूबर से जम्मू और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू होने की तैयारी है। एलायंस एयर की ओर से विंटर शेड्यूल के तहत मांगे गए स्लॉट को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और स्थानीय एयरपोर्ट अथॉरिटी की मंजूरी मिल गई है। दोनों नई उड़ानें शुरू होने से हिसार के साथ भिवानी, सिरसा और आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

जम्मू के लिए सीधी उड़ान शुरू होना धार्मिक यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत मानी जा रही है। हिसार से सड़क मार्ग के जरिए जम्मू पहुंचने में आमतौर पर 8 से 10 घंटे लगते हैं, जबकि सीधी हवाई सेवा शुरू होने के बाद जम्मू का सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं का समय बचेगा और यात्रा भी काफी सुविधाजनक हो जाएगी। जम्मू की सीधी कनेक्टिविटी से हिसार और आसपास के क्षेत्र से हर साल वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या अन्य शहरों के एयरपोर्ट तक जाने की जरूरत भी कम हो सकती है।

अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ान शुरू होने का सबसे बड़ा फायदा कारोबारी वर्ग को मिलने की उम्मीद है। हिसार, भिवानी और सिरसा समेत आसपास के जिलों के व्यापारियों को गुजरात के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्रों से सीधा हवाई संपर्क मिलेगा। इससे व्यापारिक यात्राओं में समय की बचत होगी और दिल्ली या दूसरे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने की मजबूरी भी कम होगी। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से फिलहाल अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं। विंटर शेड्यूल लागू होने के बाद इन उड़ानों के समय में आंशिक बदलाव संभव है। जम्मू और अहमदाबाद जुड़ने के बाद हिसार एयरपोर्ट से हवाई संपर्क और मजबूत होगा।

हिसार से हवाई सेवा विस्तार की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या के लिए पहली उड़ान शुरू किए जाने के साथ हुई थी। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद चंडीगढ़ की उड़ान शुरू हुई। सितंबर 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअली बटन दबाकर हिसार-जयपुर फ्लाइट का शुभारंभ किया था। अब जम्मू और अहमदाबाद की उड़ानें शुरू होने से हिसार एयरपोर्ट न केवल धार्मिक पर्यटन बल्कि कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी क्षेत्र का महत्वपूर्ण हवाई केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

Tags: