हिसार: यहां के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के पशु उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग के वैज्ञानिकों ने चिया बीज युक्त ‘न्यूट्रिफिट मिल्क बार’ विकसित किया है। यह स्वास्थ्यवर्धक, उच्च प्रोटीन और फाइबर से भरपूर रेडी-टू-ईट स्नैक है, जिसे पौष्टिक खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि यह उत्पाद बच्चों, युवाओं, खिलाड़ियों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
वैज्ञानिकों ने बताया कि न्यूट्रिफिट मिल्क बार के निर्माण में स्किम मिल्क पाउडर, मानकीकृत दूध, कोको पाउडर, बादाम फ्लेक्स तथा प्राकृतिक मिठास के लिए शहद अथवा गुड़ पाउडर का उपयोग किया गया। शोध के दौरान स्किम मिल्क पाउडर के स्थान पर 5 और 10 प्रतिशत चिया बीज पाउडर मिलाकर विभिन्न फॉर्मूलेशन तैयार किए गए, जिनका पोषण मूल्य, बनावट और स्वाद के आधार पर परीक्षण किया गया।
शोध में सामने आया कि चिया बीज पोषण का उत्कृष्ट स्रोत है। इसमें लगभग 23.9 प्रतिशत प्रोटीन, 29.5 प्रतिशत वसा, 49.5 प्रतिशत अघुलनशील आहार रेशा (डाइटरी फाइबर), 0.98 प्रतिशत खनिज तथा पर्याप्त मात्रा में प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। इन्हीं गुणों के कारण चिया बीज को ‘सुपर फूड’ की श्रेणी में शामिल किया जाता है।
अध्ययन के अनुसार 10 प्रतिशत चिया बीज पाउडर से तैयार न्यूट्रिफिट मिल्क बार में प्रोटीन की मात्रा अधिक, जबकि वसा और नमी की मात्रा अपेक्षाकृत कम पाई गई। इसकी बनावट भी बेहतर रही। रंग, स्वाद, बनावट और समग्र स्वीकार्यता के आधार पर किए गए संवेदी परीक्षण में भी 10 प्रतिशत चिया युक्त मिल्क बार को सबसे अधिक पसंद किया गया।
वैज्ञानिकों का कहना है कि स्किम मिल्क पाउडर के स्थान पर 10 प्रतिशत तक चिया बीज पाउडर का उपयोग कर अधिक पौष्टिक और उपभोक्ताओं की पसंद के अनुरूप उत्पाद तैयार किया जा सकता है।
शोधकर्ताओं ने इस तकनीक को आगे बढ़ाते हुए न्यूट्रिफिट मिल्क बार की शेल्फ लाइफ बढ़ाने में भी सफलता हासिल की है। संशोधित फॉर्मूलेशन में क्रीम के स्थान पर मानकीकृत दूध तथा प्राकृतिक मिठास के लिए शहद और गुड़ पाउडर का उपयोग किया गया, जिससे उत्पाद की नमी कम हुई और इसकी भंडारण क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
अध्ययन में विकसित दो प्रमुख फॉर्मूलेशन—10 प्रतिशत चिया बीज, स्किम मिल्क पाउडर एवं मानकीकृत दूध (4:1 अनुपात) के साथ शहद तथा स्किम मिल्क पाउडर एवं मानकीकृत दूध (2:1 अनुपात) के साथ गुड़ पाउडर—सबसे प्रभावी पाए गए। ये उत्पाद 0±1 डिग्री सेल्सियस पर 45 दिन, 4±1 डिग्री सेल्सियस पर 21 दिन तथा सामान्य तापमान (25±2 डिग्री सेल्सियस) पर 12 दिन तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बने रहे।
वैज्ञानिकों का कहना है कि यह तकनीक न केवल उपभोक्ताओं को पौष्टिक और सुविधाजनक खाद्य विकल्प उपलब्ध कराएगी, बल्कि डेयरी उद्योग में मूल्य संवर्धित उत्पादों के विकास को भी बढ़ावा देगी। इससे डेयरी उद्यमियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर सृजित होने की भी संभावना है।
लुवास के पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. मोनिका ने बताया कि वैज्ञानिकों ने कड़ी मेहनत से यह चिया बीज युक्त ‘न्यूट्रिफिट मिल्क बार’ विकसित किया है। उन्होंने कहा कि यह उत्पाद बच्चों, युवाओं, खिलाड़ियों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।