Hisar: चोरी के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान, एक महीने में 36 गिरफ्तार
एक माह में 36 चोर गिरफ्तार, हिसार पुलिस की बड़ी सफलता
हिसार: पुलिस ने चोरी, वाहन चोरी और गृह भेदन जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक माह में विभिन्न मामलों के 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 23.29 लाख रुपये से अधिक मूल्य का चोरीशुदा माल और वाहन बरामद कर लोगों की संपत्ति वापस दिलवाई है।
जिले में चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत साधारण चोरी, मोटर व्हीकल थेफ्ट, चोरी और गृह भेदन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इन मामलों में 23 लाख 29 हजार 670 रुपये मूल्य का चोरीशुदा माल और वाहन बरामद किए हैं। बरामद सामान को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे पीड़ितों को राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की मेहनत की कमाई और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।