Hisar: जलभराव का पानी निकालने को लेकर विवाद, धक्का लगने से बुजुर्ग की मौत
पानी निकालने को लेकर विवाद में बुजुर्ग को धक्का, जमीन पर गिरते ही मौत
हिसार: नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ में ईंट भट्ठे से जलभराव का पानी निकालने को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान धक्का लगने से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर भट्ठे के मुंशी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक रणवीर सिंह के बेटे अनूप ने बताया कि उनका परिवार खेतों में मकान बनाकर रहता है। उन्होंने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा वीरेंद्र गुलिया को ईंट भट्ठा लगाने के लिए किराए पर दिया हुआ है। हाल ही में हुई बारिश के कारण भट्ठा परिसर में पानी भर गया था। रविवार देर रात उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के गोपालपुर गांव निवासी मुंशी श्रीपाल एक युवक के साथ जेसीबी से नाली खुदवाकर पानी की निकासी करा रहा था।
अनूप का आरोप है कि नाली खोदने से पानी उनके और उनके चाचा सुरेंद्र पाल के घर के आने-जाने वाले रास्ते पर आने लगा। परिवार के लोग जेसीबी का काम रुकवाने पहुंचे तो मुंशी श्रीपाल ने उनके पिता रणवीर सिंह को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरते ही बुजुर्ग की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हांसी के नागरिक अस्पताल भेजा। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नारनौंद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान पर मुंशी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।