हिसार: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) बैडमिंटन अकादमी, विद्युत नगर, हिसार के खिलाड़ियों ने स्टेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर हिसार और हरियाणा का नाम रोशन किया है। हाल ही में हिसार में आयोजित हरियाणा सीनियर-जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में अकादमी के खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए।

अंडर-19 गर्ल्स डबल्स में दीत्या और आराध्या की जोड़ी ने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। विमेंस डबल्स में यशिका और दीत्या ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 बॉयज डबल्स में नमनदीप ने लक्ष्य मुदगिल के साथ रजत, जबकि प्रतीक ने आदित्य के साथ कांस्य पदक हासिल किया। मेंस सिंगल्स में आर्यन रावल ने अनुभवी खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए कांस्य पदक जीता। इससे पहले फरीदाबाद और गुरुग्राम में आयोजित सीनियर स्टेट रैंकिंग टूर्नामेंट में भी सिद्धार्थ बेनीवाल सहित अकादमी के खिलाड़ियों ने कई पदक जीते।

राजस्थान के भीलवाड़ा में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-19 वर्ग में दीत्या और आराध्या ने टीम इवेंट में हरियाणा को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों ने इंडिविजुअल डबल्स में भी कांस्य पदक जीता। सीनियर वर्ग में आर्यन रावल ने टीम इवेंट में रजत पदक हासिल किया।

अकादमी की सीनियर खिलाड़ी यशिका कई जूनियर व सीनियर इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। प्रतीक, आराध्या और दीत्या ने हाल ही में पुणे और हैदराबाद में आयोजित जूनियर इंटरनेशनल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही अकादमी के छह खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं। पैरा खिलाड़ियों विजेंदर और योगेश ने ब्राजील व पेरू पैरा इंटरनेशनल-2026 में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। दोनों खिलाड़ी पैरा यूथ व एशियन गेम्स में भी पदक हासिल कर चुके हैं।

डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स एवं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप (एचपीएसजी) वीके अग्रवाल ने कहा कि ये उपलब्धियां कोचों की कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम हैं। अकादमी के कोच एवं इंटरनेशनल खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार और वरिष्ठ लेखा अधिकारी विरेंद्र कुमार की मेहनत से हरियाणा में लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों से विभाग और प्रदेश का नाम देशभर में रोशन हो रहा है तथा खेलों को बढ़ावा देने का विभाग का उद्देश्य पूरा हो रहा है।

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, हिसार के अध्यक्ष डॉ. कमल शर्मा ने डीएचबीवीएन की ओर से खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं और कोचों की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है कि हिसार की इस अकादमी से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए डीएचबीवीएन प्रबंधन का आभार जताया।

Tags: