हरियाणा की जलवायु में बदलाव, अर्धशुष्क क्षेत्र का बढ़ा विस्तार
1988 से 2024 के बीच हरियाणा में अर्धशुष्क क्षेत्र में बड़ी वृद्धि
हिसार: हरियाणा में बदलती जलवायु के बीच खेती की बेहतर योजना तैयार करने और किसानों को क्षेत्रवार फसलों के चयन में मदद करने के लिए हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश का कृषि पारिस्थितिकी एटलस तैयार किया है, जिसे आधिकारिक कॉपीराइट भी प्राप्त हो गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने इस एटलस का विमोचन किया।
नए एटलस में हरियाणा की जलवायु से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव सामने आए हैं। वैज्ञानिकों ने पिछले तीन दशकों के दौरान प्रदेश की जलवायु परिस्थितियों में आए परिवर्तन का अध्ययन किया है। इसके आधार पर हरियाणा को अब तीन की बजाय चार प्रमुख कृषि पारिस्थितिकी क्षेत्रों में चिह्नित किया गया है।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शुक्रवार को बताया कि कृषि पारिस्थितिकी एटलस प्रदेश में खेती के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के तापमान, वर्षा, आर्द्रता, हवा और मिट्टी की परिस्थितियों का वैज्ञानिक अध्ययन किया गया है। इन जानकारियों के आधार पर किसानों को अपने क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल फसलों का चयन करने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एटलस के माध्यम से उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी। बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित और विवेकपूर्ण इस्तेमाल आवश्यक है। ऐसे में यह दस्तावेज कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ उपजाऊ भूमि के संरक्षण और खेती की प्रभावी योजना बनाने में उपयोगी साबित होगा।
एटलस में वर्ष 1988 से 2022 के बीच हरियाणा के विभिन्न जलवायु क्षेत्रों का अध्ययन किया गया है। इस दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि प्रदेश की जलवायु में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। पहले हरियाणा में तीन प्रमुख जलवायु क्षेत्रों की पहचान की गई थी, लेकिन नए अध्ययन में उत्तरी पहाड़ी इलाकों में नम उपार्द्र जलवायु क्षेत्र भी चिह्नित किया गया है।
अध्ययन में सामने आया है कि प्रदेश में शुष्क क्षेत्र का विस्तार कम हुआ है, जबकि अर्धशुष्क क्षेत्र का दायरा बढ़ा है। वर्ष 1988 में हरियाणा के कुल क्षेत्रफल का 48.7 प्रतिशत हिस्सा अर्धशुष्क जलवायु क्षेत्र के अंतर्गत आता था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में यह बढ़कर 65 प्रतिशत हो गया। कुलपति ने इन परिवर्तनों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का संकेत बताया।
विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि कृषि पारिस्थितिकी एटलस मौसम संबंधी वैज्ञानिक आंकड़ों को खेती की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसकी सहायता से कृषि वैज्ञानिक प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए उपयुक्त फसल किस्मों, सिंचाई व्यवस्था और जल प्रबंधन से संबंधित योजनाएं तैयार कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों को भी अपने खेतों की प्राकृतिक परिस्थितियों और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार खेती करने का अवसर मिलेगा। इससे सीमित संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकेगी।
यह एटलस कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के साथ नीति निर्माताओं के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगा। विभिन्न क्षेत्रों की जलवायु और प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित जानकारियों के आधार पर कृषि विकास की योजनाओं को तैयार करने में इसका उपयोग किया जा सकेगा।
एटलस तैयार करने वाली वैज्ञानिकों की टीम में डॉ. अनुराग, डॉ. रामनिवास, डॉ. एमएल खीचड़, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. चंद्रशेखर और डॉ. राजबीर गर्ग शामिल रहे। विमोचन के अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, डॉ. दिनेश तोमर, डॉ. योगेश जिंदल और डॉ. जितेन्द्र भाटिया भी उपस्थित रहे।