हांसी: शहर के पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले हुडा सेक्टर-6 में चोरों ने एक बंद कोठी को निशाना बनाकर करीब 30 तोले सोने के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के समय कोठी मालिक शुभम गर्ग का परिवार पंचायती रामलीला मैदान में आयोजित श्याम बाबा के जागरण में गया हुआ था।

परिवार की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और करीब एक घंटे चार मिनट तक बेखौफ होकर कोठी को खंगालते रहे। चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़ने के बाद अलमारियों और लॉकरों को निशाना बनाया। यहां तक कि गद्दों तक को खंगाला गया। घर में रखे तीन लॉकर तोड़कर उनमें रखा सोना, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर चोर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात का बड़ा हिस्सा कैद हुआ है।

शुभम गर्ग ने बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य रामलीला मैदान में श्याम बाबा के जागरण में गए हुए थे। देर रात करीब 2:30 बजे उनके ताऊजी और दादी घर पहुंचे। मेन गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर पहुंचने पर कमरों के ताले टूटे मिले और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियां खुली थीं और लॉकर टूटे हुए थे। घर की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में करीब चार संदिग्धों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध कोठी के अंदर दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दो अन्य घर के बाहर रहकर आसपास की गतिविधियों और आने-जाने वालों पर नजर रखते नजर आ रहे हैं। फुटेज के अनुसार चोर करीब एक घंटे चार मिनट तक कोठी के अंदर रहे और इसके बाद चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर मौके से फिंगर प्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कोठी मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हुडा सेक्टर-6 जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इतनी बड़ी चोरी होने से आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।

Tags: