Hansi: ट्रैक्टर से टकराई रोडवेज बस, पीछे से गाड़ी की भी भिड़ंत
हांसी में ट्रैक्टर-बस भिड़ंत के बाद पीछे से गाड़ी टकराई
हांसी: हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर सुखराज होटल के सामने हादसा हो गया। डिवाइडर पर पौधों की कटाई के काम में लगा ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान गुरुग्राम से सिरसा जा रही फतेहाबाद डिपो की रोडवेज बस ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। बस में करीब 45-50 यात्री सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। टक्कर के बाद अचानक रुकी बस से पीछे से आ रही एक अन्य गाड़ी भी जा टकराई। गाड़ी में सवार एक महिला को हल्की चोट लगी।
जानकारी के अनुसार खरकड़ा निवासी मोहित गुरुवार को ट्रैक्टर से नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर लगे पौधों की कटाई कर रहा था। बताया गया कि उसने ट्रैक्टर सड़क किनारे रोक रखा था और उसमें तेल डाल रहा था। इसी दौरान फतेहाबाद डिपो की रोडवेज बस ने पीछे से ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। बस चालक की पहचान भटू कलां निवासी राकेश के रूप में हुई है।
टक्कर के बाद बस रुक गई, लेकिन पीछे से आ रही गाड़ी भी बस से टकरा गई। गाड़ी में सातरोड निवासी पूर्व सरपंच नरेश पूनिया समेत चार लोग सवार थे। इनमें सातरोड निवासी कृष्णा पत्नी रामफल को हल्की चोट लगी। सूचना मिलने पर ईआरवी-306 की टीम मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।