Hansi: सिंचाई विभाग का एक्शन, नहरी पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई

अवैध पाइप लगाकर पानी चोरी करने वालों पर विभाग की कार्रवाई

Update: 2026-08-06 06:26 GMT

हांसी: नहरी पानी की चोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए सिंचाई विभाग ने बुधवार को हांसी क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर अवैध रूप से नहरों से पानी उठाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अधीक्षण अभियंता (एक्सईएन) अजय कुंडू के नेतृत्व में विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी और आसपास की माइनर नहरों पर छापेमारी कर अवैध पाइपों को हटाया, कई पाइपों को मौके पर ही काट दिया तथा पानी चोरी में इस्तेमाल की जा रही मोटरें, सबमर्सिबल पंप, जनरेटर और अन्य उपकरण जब्त कर लिए।

कार्रवाई के दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ, जेई, कैनाल गार्ड्स और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से नहरों पर बनाए गए अवैध ढांचों को हटाया, जबकि कुल्हाड़ियों से नहरों में डाले गए पाइपों को काटकर पानी चोरी के नेटवर्क को ध्वस्त किया।

अधिकारियों के अनुसार, पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी से 5 से 6 मोटरें तथा दूसरी माइनर नहर से 4 से 5 मोटरें बरामद कर जब्त की गईं। विभाग ने साफ किया कि नहरों से अवैध रूप से पानी लेने वालों के खिलाफ अब लगातार इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में नहरी पानी चोरी रोकने गई विभागीय टीम पर हमला किया गया था। आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इसी बीच पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्ज यूनियन ने भी कर्मचारियों पर हमला करने वाले फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग दोहराई है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

एक्सईएन अजय कुंडू ने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता नहर के अंतिम छोर तक बैठे प्रत्येक किसान को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नहरी पानी चोरी करने वाले लोग अपने ही किसानों के अधिकारों का हनन कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नहरों पर 24 घंटे नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। भविष्य में पानी चोरी करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी और मौके पर ही उसके उपकरण जब्त कर लिए जाएंगे।

Tags:    

Similar News