Gurugram: 18 स्पा सेंटरों पर पुलिस और महिला आयोग की कार्रवाई
18 स्पा सेंटरों पर पुलिस-महिला आयोग की संयुक्त कार्रवाई
गुरुग्राम: संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों का स्वतः संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने शुक्रवार देर रात शहर के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर संयुक्त छापेमारी की। यह छापेमारी रात 10 बजे से सुबह तीन बजे तक करीब छह घंटे तक चली।
मौके पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी अपनी टीम के साथ और ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। लगभग 100 पुलिसकर्मियों वाले इस बड़े ऑपरेशन को एसीपी मुख्यालय 1 अभिलक्ष जोशी की देखरेख में पूरा किया गया। वे अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी भी हैं। टीम में करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थे।
एक साथ की गई छापेमारी के दौरान 18 में से आठ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले हैं। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल, भौतिक और दस्तावेजी सबूत जब्त किए हैं। इन सबूतों की जांच की जा रही है ताकि स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और मदद करने वालों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
छापेमारी के दौरान मौके पर लगभग 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद पाए गए। पुलिस महिलाओं से पूछताछ कर रही है ताकि उनकी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके और ऐसी गतिविधियों में मदद करने वाले संभावित व्यक्तियों की पहचान की जा सके। वहीं वहां मौजूद पुरुषों की भूमिका की भी पुष्टि की जा रही है और सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच और कार्रवाई एसीपी मुख्यालय-1 विशेष पुलिस अधिकारी द्वारा की गई है, जबकि आगे की विस्तृत जांच थाना खेड़की दौला प्रभारी द्वारा की जाएगी।