Gurugram: वांछित अपराधी के अवैध मकान पर प्रशासन की कार्रवाई
गुरुग्राम में अवैध मकान पर चला बुलडोजर
गुरुग्राम: अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने एक अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया। क्राइम ब्रांच ने धनवापुर गांव में एक आदतन अपराधी द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर अवैध निर्माण की पहचान की गई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अभिषेक निवासी गांव धनवापुर जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ हत्या, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के नौ केस दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने धनवापुर में 50 वर्ग गज में अवैध रूप से मकान का निर्माण कर रखा था। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-17 गुरुग्राम द्वारा जिला प्रशासन के साथ मिलकर की गई। गुरुग्राम पुलिस की कड़ी निगरानी में अवैध संरचना को हटाया गया तथा कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी गई। पुलिस ने बताया कि गुरुग्राम क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार आदतन अपराधियों की संपत्ति की समीक्षा की जा रही है। पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और अपराधियों के अवैध आर्थिक तंत्र को समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों तथा अवैध कब्जों के विरुद्ध ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।