Sonepat सोनीपत गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ़ काला जठेड़ी को कुछ घंटों की कस्टडी पैरोल मिली, जिसके बाद वह रविवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल से अपने पैतृक गांव जठेड़ी में अपनी जुड़वां बेटियों के नामकरण समारोह में शामिल होने पहुंचा। उसके परिवार ने पत्रकारों को बताया कि उसे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच गांव लाया गया और घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ उसका स्वागत किया गया।
शाम को वह वापस जेल चला गया। जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी ने तीन महीने पहले जुड़वां बेटियों को जन्म दिया था। परिवार ने रविवार को हवन और नामकरण की रस्मों सहित एक धार्मिक समारोह आयोजित किया था।
अनुराधा ने पत्रकारों से कहा, "उसे (जठेड़ी को) आज कुछ घंटों की कस्टडी पैरोल मिली थी। हमने 'नामकरण' समारोह के लिए हवन का आयोजन किया था। कुछ रस्में होनी थीं।" उन्होंने कहा, "परिवार उसे देखकर बहुत खुश था। कई सालों बाद वह किसी शुभ मौके पर घर आया था। इससे पहले, वह अपनी मां की मौत के समय आया था।" जुलाई में, दिल्ली की एक अदालत ने जठेड़ी को गुरुग्राम के एक अस्पताल में अपनी पत्नी और नवजात बेटियों से मिलने के लिए चार घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। जठेड़ी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, फिरौती और जबरन वसूली सहित 30 से ज़्यादा गंभीर आपराधिक मामलों में आरोप हैं।