Faridabad: एपीके फाइल से ठगी करने वाला कॉलर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Update: 2026-03-10 11:47 GMT

फरीदाबाद: एपीके फाईल भेजकर पौने नौ लाख रुपये की ठगी करने के एक मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने मंगलवार को फोन कॉलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-88 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी के साथ एक साइबर फ्रॉड हुआ था। जिस संबंध में उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया जिसने अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया और शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ हुए साइबर फ्रॉड के बारे में कुछ बाते बताकर कथित बैंक कर्मचारी ने शिकायतकर्ता को अपने झांसे में ले लिया। फिर शिकायतकर्ता के व्हॉट्सएप पर एक एपीके फाईल भेजी जिस पर क्लिक करते ही शिकायतकर्ता के खाते से अलग अलग ट्रांजेक्सन के माध्यम से कुल पौने नौ लाख रुपये कट गये।

जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी दिल्ली निवासी निवास कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व में गिरफ्तार कुन्दन पटेल का साथी है। आरोपी ने कुंदन के साथ मिलकर बैंक कर्मचारी बन शिकायतकर्ता को कॉल किया था। कुंदन ने एपीके फाइल भेजकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था। कुंदन को पहले ही गिरफ्तार कर पांच दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया था। अदालत ने दोनों आरोपियों को आज न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Tags:    

Similar News