Faridabad: पुलिस की कार्रवाई, 27 साइबर अपराधी हिरासत में
"103 शिकायतों का निस्तारण भी इनसे पूछताछ में हुआ"
फरीदाबाद: जिले के लोगों से साइबर ठगी करने वाले 27 साइबर अपराधियों को बीते एक सप्ताह के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ कर पुलिस ने 1948500 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही 103 शिकायतों का निस्तारण भी इनसे पूछताछ में हुआ है।
साइबर थानों की पुलिस टीमों ने 7 मामलों की जांच करते हुए इन आरोपियों को 10 से 16 मई के दौरान गिरफ्तार किया है। इनमें 2 मामले साइबर क्राइम थाना सेंट्रल के, 2 एनआईटी के व 3 मामले बल्लभगढ़ साइबर क्राइम थाने के हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में 381946 रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि ठग लोगों से शेयर मार्केट व टेलीग्राम टास्क के माध्यम से टास्क देकर निवेश करवाते हैं।
शुरूआत में लोगों के निवेश किए गए पैसों पर अधिक मुनाफा देकर उनको लालच देकर अपना विश्वास जमाया जाता है, जिसके झांसे में आकर लोग अपनी जीवन भर की पूंजी को ठगों के कहे अनुसार निवेश कर देते हैं। बाद में ठगों द्वारा धोखाधड़ी कर राशि को ठग लिया जाता है। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। ऑनलाइन वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत भेजें या लिखित शिकायत संबंधित साइबर थाना में दें।