फरीदाबाद: संजय कॉलोनी में आकाश की चाकू से गोदकर हत्या मामले में मुख्य आरोपी गुप्त यादव को अपराध शाखा डीएलएफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिहार बक्सर का मूल निवासी है और अब संजय कॉलोनी में किराये पर रह रहा है।
आरोपी से शुरूआती पूछताछ में पता चला कि ये और आकाश दोस्त थे। आरोपी गुप्त यादव काम की तलाश में 2 दिन पहले ही फरीदाबाद आया था और संजय कॉलोनी में किराये पर कमरा लेकर रह रहा था। 18 जून को आरोपी ने शराब पी रखी थी और किसी बात को लेकर आकाश से उसकी बहस हो गई। जिस पर उसने घर से चाकू लाकर आकाश पर वार कर दिये, जिससे आकाश की मृत्यु हो गई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 1 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है: संजय कॉलोनी की गली नंबर 22 में ये वारदात 18 जून की रात को हुई थी। सड़क किनारे एक युवक को लहूलुहान हालत में लोगों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान यूपी हरदोई के मूल निवासी आकाश के तौर पर हुई। वो संजय कॉलोनी की ही गली नंबर 40 में पत्नी ज्योति व अन्य के साथ किराये पर रहता था। साथ ही सेक्टर-24 की एक कंपनी में नौकरी करता था। मामले में ज्योति के बयान पर मुजेसर थाना की पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज की। जिसके बाद अब हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।