Faridabad: शॉर्ट सर्किट से बस में आग, समय रहते काबू

Update: 2026-05-06 04:51 GMT

फरीदाबाद: फरीदाबाद में एक बड़ा हादसा टल गया, जब तिगांव थाना क्षेत्र के मंझावली रोड पर गांव घरौड़ा के पास चलती सिटी बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बस के ड्राइवर ने बताया कि वो मंझावली-बल्लभगढ़ रूट पर बस नंबर 0909 चलाते है। मंगलवार को वह बल्लभगढ़ बस डिपो के लिए वापस आ रहे थे। हादसे के समय बस में केवल एक ही सवारी मौजूद थी, जिसे ड्राइवर ने समय रहते सुरक्षित बाहर उतार लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वायर में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बस ड्राइवर मनोहर ने बताया कि वह मंझावली रोड पर बस चला रहे थे।

जैसे ही बस गांव घरौड़ा के पास पहुंची, बस के इंजन से धुआं उठने लगा और चिंगारी निकलने लगी। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत बस रोककर बस में बैठी एक सवारी को नीचे उतार लिया। इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। ड्राइवर ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बस पूरी तरह जल चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की कोई जान की हानि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News